०० नए विद्युत सबस्टेशन को मिली प्रशासनिक स्वीकृति
*रामपुर को मिली बड़ी सौगात नए विद्युत सबस्टेशन को मिली प्रशासनिक स्वीकृति*
*➡️ जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विभा साहू के अथक प्रयास रंग लाई*
राजनंदगाँव: अर्जुनी क्षेत्र की ज़िला पंचायत सदस्य एवं संयुक्त महामंत्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ श्रीमती विभा साहू के प्रयासों से रामपुर को बड़ी सौग़ात मिली है। मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना (एसटीएन) के तहत राजनांदगांव जिले के रामपुर गांव में नए विद्युत सबस्टेशन के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। यह सफलता जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विभा साहू के सतत प्रयासों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक संघर्ष का परिणाम है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। गौरतलब है कि 7 अगस्त को जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विभा साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल राजनांदगांव के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलेट कार्यपालक निदेशक, सहायक अभियंता प्रकाश वर्मा, कनिष्ठ अभियंता शिव कुमार गायकवाड़ से मुलाकात कर रामपुर क्षेत्र में सबस्टेशन की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। इस दौरान उनके साथ जनप्रतिनिधियों का मजबूत प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से जनपद सदस्य रेशम लाल साहू, सरपंच भूपेंद्र साहू (जंगलपुर), सूर्यकांत साहू (घोरदा), रेखा निषाद (मेढ़ा), संजय साहू, मोहन साहू, तुलेश सोनकर , तोमेश साहू सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे। सभी ने एकजुट होकर ज्ञापन सौंपते हुए रामपुर क्षेत्र में विद्युत सबस्टेशन की आवश्यकता बताई थी। नए सबस्टेशन के निर्माण से रामपुर और आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी, कृषि, उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं को स्थायी लाभ मिलेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना (एसटीएन) वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 (फेज-2) के अंतर्गत अति-महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इस संबंध में प्रबंध निदेशक (डिस्ट्रीब्यूशन) के निर्देश पर चयनित कार्यों के प्राक्कलन बनाकर शीघ्र कार्यादेश जारी करने को कहा गया है। स्वीकृत कार्यों की सूची में प्रमुख रूप से शामिल है रामपुर गांव में 3.15 एमवीए क्षमता का नया सबस्टेशन, इसके साथ 0.5 किलोमीटर 33 केवी लाइन तथा 5.5 किलोमीटर 11 केवी लाइन का निर्माण। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 196.92 लाख रुपये है। वहीं खैरागढ़ संभाग के पेंदरवानी गांव में भी नए सबस्टेशन के लिए 206.67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राजनांदगांव वृत्त के लिए कुल 8.59 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस उपलब्धि पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विभा साहू ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा विभाग एवं विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति है। आगे भी जनहित के कार्यों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। रामपुर के विकास की दिशा में यह सबस्टेशन एक अहम कदम साबित होगा।
राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट




