रिपोर्ट – अनमोल कुमार, गया
गया। समाज में स्वच्छता की मिसाल पेश करने वाले नगर निगम के सफाईकर्मियों को 15 अगस्त, 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज़ाद वेलफेयर सेंटर द्वारा “स्वच्छता मित्र” के रूप में सम्मानित किया गया।

समारोह का आयोजन गोसाईबाग, गुरुद्वारा रोड स्थित समृद्धि शिखर बैंक्वेट हॉल में उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से की गई और स्वतंत्रता सेनानियों व बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
आज़ाद वेलफेयर सेंटर के सचिव और प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. के. के. कमर ने कहा कि सालभर गली, मुहल्ला, सड़क और नालियों की सफाई में जुटे कर्मठ सफाईकर्मी स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य में अहम योगदान देते हैं। उन्हें सम्मानित करने का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है।
गया नगर निगम के वार्ड संख्या 17 के सफाईकर्मियों को “स्वच्छता मित्र” प्रमाण पत्र और उपहार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद सोनी देवी, वार्ड प्रतिनिधि अमर यादव, डॉ. सैफुल्लाह खान (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. राजेश सिंह (दंत रोग विशेषज्ञ), प्रकाश सहाय, अजय कुमार, मुन्ना और कोबात खान सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को भी प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।




