
डोंगरगढ़–रामाटोला स्थित अजीज पब्लिक स्कूल में कला एवं संस्कृति पर आधारित वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वार्षिक उत्सव की मुख्य अतिथि अजीज ग्रुप ऑफ स्कूल की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर तनाज अजीज रहीं। इस अवसर पर इंदमारा के प्रधानाचार्य सचिन पाल सिंह ठाकुर, जोनल एडमिनिस्ट्रेटिव शिवम यादव, जोनल एकेडमिक कोऑर्डिनेटर अश्विनी वर्मा एवं हिमांशु तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म समभाव प्रार्थना से की गई। इसके पश्चात छात्रों ने छावा, महाकाली, शैतान, प्रणव वल्ली, नारी शक्ति जैसे विषयों पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। भारत के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता की झलक पेश की।
छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत जोकर और हेरा फेरी नृत्य ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। वहीं नर्सरी, केजी-1 एवं केजी-2 के नन्हे कलाकारों ने मोबाइल के लाभ-हानि पर आधारित प्रस्तुति के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम को समर्पित नृत्य प्रस्तुत कर विशेष सराहना प्राप्त की। पुराने गीतों पर नए अंदाज में प्रस्तुत नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की सफलता में कोरियोग्राफर एवं नृत्य शिक्षिका वर्षा नायडू तथा कला शिक्षक वेदराम ढीमर का योगदान सराहनीय रहा।
समापन अवसर पर उप प्राचार्य तनमय शर्मा ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




