राजनांदगांव में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त.. गुंडा-बदमाशों के घर पहुंची टीम, रातभर चला अभियान

राजनांदगांव : शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिला पुलिस ने सोमवार रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान 110 पुलिसकर्मियों की 4 विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 89 असामाजिक तत्वों की सघन चेकिंग और तस्दीक की।

यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में रात 9 बजे से देर रात तक संचालित किया गया। अभियान में 5 राजपत्रित अधिकारी, 11 निरीक्षक, 2 उप निरीक्षक और 110 पुलिसकर्मी शामिल रहे।

गुंडा और बदमाश पुलिस के रडार पर

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश, स्थायी वारंटियों और अपराध प्रवृत्ति वाले किशोरों के घर पहुंचकर उनकी तस्दीक की। सभी को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को समय पर घर में रहने, शराब सेवन कर विवाद या मारपीट से बचने तथा कानून-व्यवस्था का पालन करने के निर्देश भी दिए।

इन क्षेत्रों में चली विशेष कार्रवाई

कॉम्बिंग गश्त थाना कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग और चौकी चिखली क्षेत्रों में एक साथ चलाई गई।

  • थाना बसंतपुर: कुवा चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर, क्लब चौक, शिवनगर और बंगाली चॉल सहित विभिन्न क्षेत्रों में 20 असामाजिक तत्वों की जांच।
  • चौकी चिखली: सोलाखोली, नवागांव, बापूटोला, स्टेशनपारा, गौरीनगर और मोतीपुर में 25 संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक।
  • थाना कोतवाली: लखोली सहित अन्य क्षेत्रों में 16 गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों की जांच।
  • थाना लालबाग: पेंड्री बस्ती और अटल आवास क्षेत्र में 28 असामाजिक तत्वों की चेकिंग कर गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।

अपराधियों को पुलिस का स्पष्ट संदेश

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सक्रिय सभी असामाजिक और अपराधी तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में किसी भी व्यक्ति के अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।