घर-बाड़ी में घुसकर तेंदुए ने किया बकरियों का शिकार

गरियाबंद। जिले के वनांचल क्षेत्रों में जंगली जानवरों की आवाजाही अब आम बात होती जा रही है। पिछले लगभग 15 दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। तेंदुआ आये दिन आबादी क्षेत्र के नजदीक पहुंचकर मवेशियों और पालतू जानवरों को अपना शिकार बना रहा है।

ताजा मामला ग्राम पंचायत जोबा के आश्रित ग्राम केराबाहरा का है, जहां रविवार देर रात तेंदुए ने एक ग्रामीण के घर में घुसकर दो बकरियों को मार डाला। जानकारी के अनुसार गांव निवासी रेखाराम सोम के घर में घुसे तेंदुए ने दो बकरियों का शिकार कर लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में तेंदुए ने एक बछड़े का शिकार किया था। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से बच्चों, महिलाओं और पशुपालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
घटना की सूचना वन विभाग गरियाबंद को दे दी गई है।

वन विभाग की टीम द्वारा मामले की जांच और तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए को आबादी क्षेत्र से दूर करने तथा प्रभावित पशुपालक को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की हिंसक गतिविधियों को देखते हुये ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने, बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने तथा पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखने की सलाह दी जा रही है।

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्ट
"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्टhttps://chhattisgarh-24-news.com
किरीट ठक्कर "छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" संवाददाता
ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।