
पीएमश्री राजा सर्वेश्वर दास उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम स्कूल में विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। प्री-वोकेशनल ट्रेनिंग के तहत छात्रों ने बांस से विभिन्न उपयोगी वस्तुएं बनाने की कला सीखी।
पीएमश्री राजा सर्वेश्वर दास उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बांस से बाजारों में प्रचलित विभिन्न उपकरण और दैनिक उपयोग की वस्तुएं तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्री-वोकेशनल ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके अंदर छिपे कौशल को विकसित करना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थी भविष्य में स्वयं का छोटा व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के एसएमडीसी अध्यक्ष कमलेश सूर्यवंशी, प्राचार्य डॉ. अमित घोष सहित समस्त शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस तरह के कौशल आधारित प्रशिक्षण से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होगा और वे आने वाले समय में आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




