चिखली–खैरागढ़ सड़क निर्माण में नाली नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश

जनपद क्षेत्र के कई गांवों ने नाली निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


राजनांदगांव_चिखली से खैरागढ़ तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य में ग्रामों के भीतर नाली निर्माण का प्रावधान नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जनपद क्षेत्र अंतर्गत तिलई, पदुमतरा, खपरी, चवेली एवं बोरी सहित अन्य गांवों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर कलेक्टर जितेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क के साथ नाली निर्माण की स्वीकृति की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि जिन ग्रामों से होकर सड़क गुजर रही है, वहां नाली निर्माण नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में विशेषकर बरसात के मौसम में जलभराव, गंदगी और आवागमन में बाधा जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होंगी। ग्रामीणों का कहना है कि बिना नाली के सड़क निर्माण अधूरा, अव्यवहारिक और अल्पकालिक साबित होगा।
जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि स्थल की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्राक्कलन (एस्टीमेट) में संशोधन कर नाली निर्माण को शामिल किया जाए, तथा नाली निर्माण पूर्ण होने के बाद ही सड़क निर्माण कार्य कराया जाए, जिससे कार्य टिकाऊ और जनोपयोगी बन सके।
इस संबंध में कलेक्टर महोदय द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने की जानकारी भी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग दुर्ग, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग दुर्ग एवं प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग नया रायपुर को भी भेजी गई है, ताकि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से ललिता साहू (जनपद सदस्य, क्षेत्र क्रमांक-08), ओमप्रकाश साहू (पूर्व जनपद सभापति), हिना साहू (सरपंच, ग्राम पंचायत पदुमतरा), जीवन साहू (सरपंच, ग्राम पंचायत बोरी), भूपेंद्र निषाद (सरपंच, ग्राम पंचायत खपरीखुर्द), मोहन साहू (पूर्व सरपंच, पदुमतरा), विक्की साहू (सरपंच प्रतिनिधि, तिलई), राकेश साहू (भाजपा तिलई मंडल महामंत्री), गुलाल साहू, घनश्याम साहू, राकेश साहू (उपसरपंच, खपरीकला) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र नाली निर्माण को स्वीकृति दी जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और सड़क निर्माण कार्य स्थायी व उपयोगी सिद्ध हो।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।