*➡️ कहा – पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा, फिर सबक सिखाने की जरूरत*
*राजनांदगांव।*
दिल्ली में लाल किला के पास कार में हुए भीषण बम विस्फोट की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इसी को देखते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के ज़िला अध्यक्ष मोहम्मद इरफ़ान शेख ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कठोरतम सज़ा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पूरी ताक़त से जांच में जुटी है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएँ उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
मोहम्मद शेख ने आशंका जताई कि इस हमले के तार पड़ोसी देश पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। समय-समय पर वह आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है। इसलिए उसे एक बार फिर सबक सिखाने की सख्त ज़रूरत है।गौरतलब है कि 10 नवंबर की शाम हुए इस धमाके में डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई थी जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले की तरह ही यह घटना भी देश को अस्थिर करने और निर्दोषों की जान लेने की नापाक कोशिश है। पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही आतंकी हरकतों को देखते हुए उन्होंने सरकार से जल्द सर्जिकल अटैक जैसी निर्णायक कार्रवाई पर विचार करने की अपील की। मोहम्मद शेख ने कहा कि ऐसी घटनाओं का उद्देश्य देश की सामाजिक समरसता को चोट पहुँचाना और विशेषकर हिंदू-मुस्लिम एकता में दरार डालने का प्रयास करना हो सकता है। लेकिन भारत की जागरूक और समझदार जनता इन नापाक इरादों को अच्छी तरह पहचानती है। उन्होंने कहा हमारे देश में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध और पारसी सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और देश की तरक्की में विश्वास रखते हैं। दुश्मनों के मंसूबे यहां कभी कामयाब नहीं होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से गुजारिश करते हुए मोहम्मद शेख ने कहा कि इस मामले में जो भी आरोपी दोषी पाए जाएँ उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा चलाया जाए और उन्हें फांसी की सज़ा तक पहुँचाया जाए ताकि देश के दुश्मनों को कड़ा संदेश मिल सके।
राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट 




