लजीज व्यंजनों ने बढ़ाया मुंह का जायका

करमतरा/राजनांदगांव। शासकीय किसान हायर सेकेंडरी स्कूल करमतरा परिसर में आयोजित वार्षिक बाल मेला इस वर्ष भी स्वाद, उत्साह और रौनक का अनोखा संगम बन गया। मेले में स्कूली बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किए गए लजीज व्यंजनों—आलू भजिया, चटनी, चटपटे चाट, भेल, इडली-सांभर, वेज पकौड़ा, ब्रेड रोल, छोले-भटूरे और गुपचुप—ने बच्चों, पालकों व ग्रामीणों का मन मोह लिया।
साप्ताहिक बाजार के साथ लगे इस मेले ने पूरे दिन परिसर को जीवंत और हर्षोल्लास से भर दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती रेखा बघेल थीं, जबकि अध्यक्षता प्रतिष्ठित ग्रामीण टी.सी. साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश राम साहू और महेश गंजीर उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती बघेल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में व्यवहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं, इसलिए इनका नियमित आयोजन अत्यंत आवश्यक है।
अध्यक्ष टी.सी. साहू ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं, वहीं जगदीश साहू ने अपने संबोधन में स्कूली बच्चों के उत्साह की प्रशंसा की।
विद्यालय के प्राचार्य राजेश शर्मा ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन बच्चों के सम्मान, उनकी खुशियों और सर्वांगीण विकास की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सहगामी गतिविधियों में भागीदारी बच्चों को व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान करती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में व्याख्याता श्रीमती संगीता तिवारी, श्रीमती कमलेश्वरी चंदेल, श्रीमती नीलम सिंह, सुश्री दिव्या वर्मा, रामप्रसाद देवांगन, नंदकुमार पटेल, राकेश साहू, सुरेश कुमार, मनीष शर्मा, तीर्थंकुमार सूर्यवाणी और राहुल रावटे का विशेष योगदान रहा।
संगीतमय बाल दिवस के इस आकर्षक आयोजन में जनपद सदस्य टूमन लाल साहू और ग्राम पटेल रामकुमार साहू सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के स्टॉल का अवलोकन किया, व्यंजनों का स्वाद लिया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।




