रिपोर्टर: शशिकांत सनसनी राजनांदगाँव छत्तीसगढ़
राजनांदगांव। ठेलकाडीह इलाके के ग्राम चवेली में संचालित एक पोल्ट्री फार्म से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल के कारण फैल रही गंदगी और बढ़ते प्रदूषण की शिकायत लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टोरेट और एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदूषण और दुर्गंध से त्रस्त ग्रामीणों का आरोप है कि इससे गांव का पानी भी प्रदूषित हो रहा है और बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर बार-बार शिकायतों के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इस प्रदर्शन के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी।
पुलिस ने प्रदर्शन को ‘चक्काजाम’ मानते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रकार का चक्काजाम नहीं किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि जब वे अपनी जायज मांगों को लेकर शांति से अपनी बात रख रहे थे, तब उनके खिलाफ इस तरह की कानूनी कार्रवाई कर देना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का भी उल्लंघन है।




