गांवों से मुख्यालय तक आसान हुई राह, ग्रामीण बस सेवा बनी आवागमन की नई कड़ी
जिले के 7 ग्रामीण मार्गों पर संचालित हो रही बसें, विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और मरीजों को मिल रही नियमित परिवहन सुविधा
दंतेवाड़ा, 05 अक्टूबर 2026। जिले के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों में आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना 2025 महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों को बाजार, कस्बों और विकासखंड मुख्यालयों से जोड़ने के लिए 7 मार्गों पर बस सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। नियमित बस सुविधा मिलने से ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बाजार और शासकीय सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक सहज हुई है।

वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों वाले दंतेवाड़ा जिले में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा ग्रामीण जीवन के लिए विशेष महत्व रखती है। बस सेवा के माध्यम से विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय एवं महाविद्यालय तक पहुंच रहे हैं, वहीं किसान अपनी कृषि उपज और आवश्यक सामग्री के लिए बाजारों तक आसानी से आ-जा पा रहे हैं। श्रमिकों और छोटे व्यवसायियों के लिए भी आवागमन की सुविधा बढ़ी है। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत मिल रही है।
जिले में काटेकल्याण से नकुलनार, बुरुगुम से कुआकोंडा, बड़ेगुड़ा से बारसूर, कुआकोंडा से बचेली, दंतेवाड़ा से भांसी, दंतेवाड़ा से मुण्डेर तथा चिकपाल से काटेकल्याण के बीच बसों का संचालन किया जा रहा है। इन मार्गों के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को प्रमुख केंद्रों से जोड़ा जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के दैनिक आवागमन में सुविधा बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का उद्देश्य विशेष रूप से ऐसे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, जहां सार्वजनिक यातायात के साधन सीमित रहे हैं। बस सेवा के विस्तार से गांवों और मुख्यालयों के बीच संपर्क मजबूत हो रहा है तथा ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के लिए परिवहन के बेहतर विकल्प मिल रहे हैं।
दंतेवाड़ा जैसे वनांचल जिले में यह बस सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आपस में जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही है। इससे गांव से बाजार और गांव से मुख्यालय तक की दूरी को सुगम बनाने की दिशा में लगातार सुविधा मिल रही है।






