गरियाबंद । भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गरियाबंद में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से सुना। इसके बाद अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर भव्य यात्रा का शुभारंभ किया गया।

इनडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुये पुलिस परेड ग्राउंड पहुंची। इसमें सेवा ज्योति रथ, मशाल और कलश यात्रा शामिल रहीं, जिनका शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
पुलिस परेड ग्राउंड में विकसित भारत थीम पर बनी विशाल रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहां उपस्थित लोगों ने ‘विकसित भारत@2047’ का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सेवा समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ‘विकसित भारत@2047’ केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर,भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
चौक का नामकरण
‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत आयोजित, “सेवा ज्योति यात्रा, के दौरान, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी ने “विकसित भारत संकल्प सेवा चौक, का नामकरण किया। इनडोर स्टेडियम के बाहर राष्ट्रीय राज्य मार्ग के किनारे यह चौक अब विकसित भारत संकल्प सेवा चौक के नाम से जाना जायेगा। बकायदा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती चौधरी ने शीघ्र चौक निर्माण कार्य करने के निर्देश नगर पालिका को दिये हैं।






