
किरीट ठक्कर ,गरियाबंद । राज्य शासन द्वारा संचालित गरियाबंद जिले में ‘‘कौशल्या मातृत्व योजना’’ अंतर्गत कुल 53 महिला हितग्राहियों के बैंक खाते में 5 हजार रूपये की राशि हस्तांतरित कर दी गई है। जिले से कुल 57 पात्र गर्भवती महिला हितग्राहियों की जानकारी लाभ दिलाये जाने हेतु राज्य को भेजी गई थी । शेष 04 हितग्राहियों के बैंक खाते में आ रही दिक्कतों को दूर कर उनके खाते में भी 5 हजार रूपये हस्तांतरित कर दी जायेगी। उल्लेखनीय है कि इस योजना के माध्यम से सामाजिक आर्थिक जनगणना में पात्र महिला हितग्राही के द्वितीय संतान बालिका के जन्म पर सहायता राशि प्रदान करना ताकि महिलाएं बच्चे के जन्म के बाद पर्याप्त विश्राम कर सके, माताएं स्वयं एवं बालिका के उत्तम स्वास्थ्य हेतु पर्याप्त ध्यान दे सके, बालिका भ्रुण हत्या रोकने और बालिकाओं के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना। कौशल्या मातृत्व योजना का लाभ प्राप्त करने की इच्छुक पात्र महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र मे पंजीयन कराना होगा। आंगनबाड़ी केन्द्र से निर्धारित फार्म निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। इच्छुक गभवर्ती महिला हितग्राही अपना आवेदन संबंधित आंगनबाड़ी मे निर्धारित आवेदन प्राप्त कर समस्त दस्तावेजों के साथ जमा कर सकती है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अशोक पाण्डेय ने जनसामान्य से अपील की है कि कौशल्या मातृत्व योजना के तहत् अपने घर या आस पास में ऐसे हितग्राहियों को जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ पहुंचाये ताकि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सफल हो।




