विधानसभा घेराव: दुर्ग (ग्रामीण) से हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन
दुर्ग: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 17 मार्च 2026 को रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हजारों कार्यकर्ताओं ने भागीदारी दर्ज कराई। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ कांग्रेसजन बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
ज्ञात हो कि कार्यक्रम की तैयारी को लेकर पूर्व में राजीव भवन दुर्ग में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई थी।
विधानसभा घेराव कार्यक्रम से पूर्व दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस अंतर्गत पाटन, अहिवारा, दुर्ग ग्रामीण, धमधा ब्लॉक एवं साजा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजन, ब्लॉक अध्यक्षों एवं जिला पदाधिकारियों के साथ जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री माननीय भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पहुंचे। वहां से सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर रैली के रूप में विधानसभा घेराव स्थल के लिए रवाना हुए।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में मनरेगा बचाव, जनहित के मुद्दों, बढ़ती अराजकता, नशाखोरी एवं अवैध अफीम की खेती जैसे गंभीर विषयों को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई है और कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े हर मुद्दे पर आगे भी इसी तरह संघर्ष करती रहेगी।




