गरियाबंद : जिले के थाना पीपरछेड़ी में हत्या की गंभीर घटना दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार पीपरछेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम बीजापानी में मंगलवार छोटे भाई ने लकड़ी की बल्ली से पीट पीटकर बड़े भाई की हत्या कर दी। आरोपी हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बीजापानी में चार सगे भाइयों जुझार सिंग गजसिंग सेविंग सिंग तथा देवीन सिंह सब अपने अपने परिवार के साथ अलग अलग रहते हैं किन्तु पारिवारिक जमीन संमिलात खाते में है। मृतक बड़े भाई जुझार सिंह द्वारा जब देवीन सिंग को छुरा जिला सहकारी बैंक से लिये गये कर्ज को चुकाने कहा गया , तब छोटे भाई ने बड़े भाई से मारपीट शुरू कर दी।
मृतक की पत्नी रूखमणी बाई सोरी ने पुलिस को बताया कि मैं आंगन बाड़ी सहायिका हूँ, मारपीट की घटना के वक्त में आंगनबाड़ी में थी, जहां मेरे पति ने पहुंचकर मुझे बताया कि देवीन ने मेरे साथ मारपीट की है। बताने के बाद जुझारसिंग वही लेट गया और बेहोश हो गया।
थोड़ी देर में अन्य दो भाई जब तक पहुंचे और उसे उठाकर घर ले गये तब तक जुझार सिंग मर चुका था। घटना के संबंध में थाना पीपरछेड़ी द्वारा अपराध क्रमांक 0 / 24 धारा 302 भा.द.वि. दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।




