* कार्यभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में आईजी अजय यादव, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के संकेत…
* प्रेस ब्रीफिंग में बोले नए आईजी अजय यादव,यातायात व्यवस्था होगी बेहतर, अपराधियों पर कसेंगे शिकंजा,कानून व्यवस्था को बनाएंगे और भी मजबूत…
राजनांदगांव ; राजनांदगांव रेंज के नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री अजय यादव (भा.पू.से.) ने पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रेस ब्रीफिंग की।
इस दौरान उन्होंने रेंज के अंतर्गत कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया।

आईजी श्री यादव ने कहा कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को पहले से अधिक बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। बढ़ते वाहन दबाव और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा, जिससे लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए कानून का राज स्थापित किया जाएगा तथा अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीकों और खुफिया तंत्र का भी प्रभावी उपयोग किया जाएगा।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान आईजी श्री अजय यादव ने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।





