पुलिस ने झपटमारी मामले का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, नगदी और दस्तावेज बरामद

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव । थाना लालबाग पुलिस ने झपटमारी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नगदी और वाहन संबंधी दस्तावेज भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम परसाटोला निवासी महेश साहू ने 31 मई 2026 को थाना लालबाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 9 बजे पुरानी शराब भट्ठी के पास एक युवक ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में 800 रुपये नकद और वाहन क्रमांक CG 08 GJ 3217 की आरसी बुक रखी हुई थी।

शिकायत के आधार पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 231/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर अटल आवास पेंड्री निवासी रोहित मंडावी (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी की घटना स्वीकार कर ली। इसके बाद उसके कब्जे से लूटा गया पर्स, 800 रुपये नगद और वाहन की आरसी बुक बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रोहित मंडावी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर यादव, अश्वनी यदु तथा आरक्षक राकेश धुर्वे और कमल किशोर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।