पाटन : नगर पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था एवं विभिन्न जनहितकारी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का प्रमुख विषय नगर पंचायत पाटन को नगर पालिका का दर्जा दिलाने हेतु प्रस्ताव पारित करना रहा। परिषद के सभी पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर के बढ़ते विकास, जनसंख्या एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत को नगर पालिका बनाए जाने के प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन करते हुए इसे पारित किया।
बैठक में नगर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि पाटन नगर निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। नगर की बढ़ती आबादी एवं आवश्यकताओं को देखते हुए नगर पालिका का दर्जा मिलना समय की मांग है। नगर पालिका बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि परिषद नगर के सर्वांगीण विकास एवं जनहित के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष श्रीमती निशा सोनी, सभापति – श्री केवल देवांगन, श्री जितेन्द्र निर्मलकर, श्री देवेन्द्र ठाकुर, पार्षद – श्री चंद्रप्रकाश देवांगन, श्रीमती अन्नपूर्णा पटेल श्रीमती संगीता धुरंधर, श्री पुरुषोत्तम कश्यप, श्री आभाष दुबे, श्रीमती अनिता साहू, श्रीमती वीना ठाकुर, श्री मनोज कुर्रे, श्री गुनीराम कौशिक श्री दीपक यादव, सांसद प्रतिनिधि श्री राजा पाठक, विधायक प्रतिनिधि श्री कमल किशोर वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री हेमंत वर्मा एवं उप अभियंता श्री प्रवीण कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी प्रमुख रुप से उपस्थित थे।




