सभापति मोनिका देवांगन की पहल से प्रशासन एवं ग्रामवासियों के बीच बना सामंजस्य, संवाद से समाप्त हुआ गतिरोध

* जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन की पहल से प्रशासन एवं ग्रामवासियों के बीच बना सामंजस्य, संवाद से समाप्त हुआ गतिरोध…

धमतरी; ग्राम कोलियारी में गत कई दिनों से प्रशासन एवं ग्रामवासियों के बीच उत्पन्न असमंजस एवं दुविधापूर्ण स्थिति को समाप्त कर आपसी विश्वास एवं सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन की पहल पर प्रशासन एवं ग्रामवासियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्री पीयूष तिवारी की विशेष उपस्थिति में ग्रामवासियों की चिंताओं को सुना गया तथा संवाद के माध्यम से स्थिति को सामान्य बनाने का सार्थक प्रयास किया गया।

बैठक के दौरान एसडीएम श्री पीयूष तिवारी ने ग्रामवासियों से सीधे संवाद करते हुए प्रशासन की स्थिति स्पष्ट की तथा उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पारदर्शिता एवं समन्वय के साथ कार्य करेगा। सकारात्मक संवाद से ग्रामवासियों में विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मधुरिमा गुरुकुल कौशल विकास संस्थान को किसी भी प्रकार की शासकीय भूमि आवंटित नहीं की जा रही है। यह संस्था वर्तमान में लाइवलीहुड कॉलेज के निगरानी में किराये के भवन में संचालित होकर क्षेत्र के 12वीं एवं उच्च शिक्षा प्राप्त बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है।

यह भी स्पष्ट किया गया कि वर्तमान भवन बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन के लिए निर्मित है तथा इसके संचालन में ग्राम पंचायत अथवा सरपंच की कोई भूमिका नहीं है। भविष्य में छात्रावास निर्माण हेतु प्रशासन को भूमि की आवश्यकता होने पर ग्रामवासियों की सहमति एवं भावनाओं का सम्मान करते हुए ही निर्णय लिया जाएगा। विवाद की स्थिति में छात्रावास निर्माण नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने कहा कि “क्षेत्र का विकास, युवाओं का भविष्य और सामाजिक समरसता हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। किसी भी समस्या का समाधान संवाद और आपसी विश्वास से ही संभव है। प्रशासन एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय ही विकास का आधार है।

बैठक में एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती वर्षा रानी, तहसीलदार श्री शिवेंद्र जी, अर्जुनी थाना प्रभारी श्री चन्द्रकांत साहू, कोतवाली थाना प्रभारी श्री राजेश जगत एवं कौशल विकास संस्थान के संचालक श्री शैलेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे।

ग्रामवासियों की ओर से श्री ऋषभ देवांगन, श्री हेमंत चंद्राकर, उपसरपंच श्री राजेश चक्रधारी, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष श्री यशवंत सोनकर, उपाध्यक्ष पुलस्त साहू, ग्राम पटेल केश कुमार सोनकर, पंचगण, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी पक्षों ने क्षेत्र के विकास एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग और संवाद के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।