गांजा तस्करी पर डोंगरगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई, लाखों का माल जब्त

गुरुदेव देवांगन, डोंगरगढ़ : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गांजा परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से पैकेट सहित 5.174 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब ₹2 लाख 58 हजार 700 बताई गई है, बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AS 3992, जिसकी कीमत करीब ₹45 हजार है, भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹3 लाख 3 हजार 700 बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खूंटापारा डोंगरगढ़ निवासी फारुख खान उर्फ करी अज्जू मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बोरतलाव की ओर से डोंगरगढ़ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चिचदो मोड़, अंसारी टायर एवं अली मोटर्स रिपेयरिंग सेंटर के सामने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.174 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी फारुख खान उर्फ करी अज्जू, उम्र 45 वर्ष, निवासी खूंटापारा वार्ड नंबर 1, डोंगरगढ़ के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल, उप निरीक्षक ओम साहू, आरक्षक लीलाधर मंडलोई, किशन चंद्रा, अजय पाटले एवं योगेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।