* JJS 2026: 22 से 25 दिसंबर तक जयपुर में होगा ज्वेलरी का बड़ा शो, रायपुर में हुआ रोड शो…
* रायपुर के ज्वेलर्स के लिए बड़ी खबर! JJS 2026 में मिलेंगे नए खरीदार और कारोबार के अवसर…
रायपुर (छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़)। ज्वेलरी कारोबार से जुड़े व्यापारियों को नए खरीदारों, उत्पादों और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जयपुर ज्वेलरी शो (JJS) की ओर से रायपुर में रोड शो एवं प्रेजेंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के ज्वेलरी एवं सराफा कारोबारियों ने भाग लिया। इस दौरान कारोबारियों को जेजेएस-2026 में मिलने वाले अवसरों और शो में भागीदारी के फायदों की जानकारी दी गई।
जयपुर ज्वेलरी शो-2026 का आयोजन 22 से 25 दिसंबर तक जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC), जयपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धरम चंद भंसाली, सचिव जितेंद्र गोलछा और कार्यक्रम संयोजक अशोक बरड़िया मौजूद रहे। वहीं जयपुर ज्वेलरी शो की ओर से चेयरमैन राजीव जैन और मानद सचिव कमल कोठारी ने प्रतिनिधित्व किया।
प्रेजेंटेशन के दौरान JJS चेयरमैन राजीव जैन ने शो की शुरुआत से अब तक के सफर और जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबार में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
उन्होंने JJS-2026 में शामिल विभिन्न सेक्शनों और कारोबारियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि जयपुर ज्वेलरी शो निर्माताओं, थोक एवं खुदरा कारोबारियों, निर्यातकों, डिजाइनरों तथा जेम्स एंड ज्वेलरी क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों को एक मंच पर जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। इससे कारोबारियों को नए लोगों से जुड़ने, नए उत्पादों को देखने, व्यापारिक चर्चा करने और नए व्यावसायिक संबंध विकसित करने के अवसर मिलते हैं।
रोड शो के दौरान रायपुर के ज्वेलर्स ने JJS प्रतिनिधियों से शो में भागीदारी, कारोबार के अवसरों और आयोजन से जुड़ी अन्य जानकारियों पर चर्चा की।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आयोजन का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम रायपुर और जयपुर के ज्वेलरी कारोबारियों के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ आपसी व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने में सहायक हैं।
कार्यक्रम के अंत में JJS के मानद सचिव कमल कोठारी ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों, अतिथियों और ज्वेलरी कारोबारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






