CM साय के आने से पहले ऋषि शास्त्री नजरबंद, कहा-जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार

गुरुदेव, राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजनांदगांव दौरे पर रहेंगे, जहां वे प्रगतिशील किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। युवा कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने आरोप लगाया है कि वे मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाकर विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विरोध दर्ज कराने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें उनके घर से हिरासत में ले लिया।

सुबह से घर पर तैनात रही पुलिस

ऋषि शास्त्री के अनुसार, मुख्यमंत्री के दौरे से पहले बुधवार सुबह से ही पुलिस बल उनके वार्ड क्रमांक-42 स्थित राजीव नगर, बसंतपुर निवास पहुंच गया था। उनका दावा है कि सुबह करीब 9:45 बजे पुलिस उन्हें घर से अपने साथ ले गई और नजरबंद कर दिया।

इन मुद्दों को लेकर होने वाला था विरोध?

ऋषि शास्त्री का कहना है कि वे प्रदेश सरकार के खिलाफ कई जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने विरोध दर्ज कराने वाले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों को डीएपी और अन्य खाद समय पर उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और बिजली दरों में लगातार वृद्धि को लेकर भी सरकार के खिलाफ नाराजगी है।

भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक पर उठाए सवाल

युवा कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और भर्ती प्रक्रियाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

योजनाओं के नाम बदलने का लगाया आरोप

ऋषि शास्त्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल की योजनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कई जनहितकारी योजनाओं को बंद कर दिया गया है या उनके नाम बदल दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मितान योजना का नाम बदलकर “हमर संगवारी” कर दिया गया है, जबकि स्वामी आत्मानंद स्कूल योजना को “पीएम श्री” के नाम से प्रचारित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सरकार पुरानी योजनाओं का नाम बदलकर उन्हें नई उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रही है।

नगर निगम में भ्रष्टाचार और ‘Women For Tree’ योजना पर भी सवाल

ऋषि शास्त्री ने राजनांदगांव नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने विशेष रूप से “Women For Tree” योजना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि योजना के नाम पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम से जुड़े कई मामलों में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे जनता के बीच नाराजगी बढ़ रही है।

हसदेव जंगल और स्थानीय मुद्दों को भी बनाया विरोध का आधार

युवा कांग्रेस नेता ने हसदेव क्षेत्र में पेड़ों की कटाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जंगलों की कटाई जारी है। इसके अलावा उन्होंने राजनांदगांव के स्थानीय मुद्दों, कथित कौड़ीखाना प्रकरण और अन्य मामलों में कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

“जनहित के मुद्दे उठाने से पहले ही रोक दिया गया” – ऋषि शास्त्री

ऋषि शास्त्री का कहना है कि वे किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के सामने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।