* मातृ दिवस पर विधायक रिकेश की संवेदनशील पहल : वैशाली नगर विधानसभा में साढ़े 3 करोड़ की लागत से बनेगा सर्वसुविधायुक्त वृद्ध आश्रम…
भिलाई नगर : मातृ दिवस के अवसर पर वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन ने समाज के बेसहारा और उपेक्षित बुजुर्गों के लिए एक बेहद संवेदनशील पहल की घोषणा की है।
विधायक सेन ने वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त वृद्ध आश्रम निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि मां सिर्फ एक दिन की नहीं, बल्कि पूरे जीवन की भावना होती है। जिस मां से हर दिन की शुरुआत होती है, उसे किसी एक दिन तक सीमित नहीं किया जा सकता।
विधायक रिकेश ने कहा कि सोशल मीडिया पर हर कोई अपनी मां के प्रति प्रेम व्यक्त कर रहा है, लेकिन समाज की सच्चाई यह भी है कि कई माताएं और बुजुर्ग आज वृद्धाश्रमों में जीवन बिताने को मजबूर हैं। यदि हर व्यक्ति अपनी मां से सच्चा प्रेम करता, तो शायद कोई मां वृद्धाश्रम में दिखाई नहीं देती।
विधायक सेन ने घोषणा की कि शांति नगर स्थित वैशाली नगर थाना के समीप मैदान में एक आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त वृद्ध आश्रम का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए कलेक्टर से स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
यह आश्रम उन बुजुर्ग माताओं-पिताओं के लिए समर्पित होगा, जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है या जिनके अपने ही उनसे दूर हो गए हैं।
जो लोग अपने माता-पिता की सेवा नहीं करना चाहते, उनके लिए उनका बेटा और विधायक रिकेश सेन हमेशा खड़ा रहेगा। इस वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और अपनापन मिलेगा।
विधायक की इस घोषणा को क्षेत्रवासियों और सामाजिक संगठनों ने एक मानवीय और प्रेरणादायी पहल बताया है।




