* हायर सेकेण्डरी स्कूल सिमगा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह…
कोरबा/ जिले के पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ वनाँचल स्थित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिमगा में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का समारोह हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश के वीर शहीदों को स्मरण, पूजा अर्चना एवं ध्वजारोहण से हुई।
संस्था के प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने ग्राम के सरपंच श्रीमती गायत्री आयाम, जनपद सदस्य श्री भारत सिंह सिदार, पूर्व सरपंच श्री सोनसायआयाम, शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री जयकुमार सिदार, पंच फूलमती के साथ गरिमामयी स्वरुप में ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने छात्र-छात्राओं,शिक्षकों एवं ग्रामवासियों को स्वतंत्रता दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का पर्व नहीं हैं, बल्कि आज स्वतंत्रता दिवस पर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और उनके बलिदान को स्मरण करके देश के प्रति सच्ची निष्ठा के साथ अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करने संकल्प लेने का दिन हैं।
प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए आगे आकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री सिंह ने सभी विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति सच्ची निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य पालन करने के लिए, देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने की तथा “नशा मुक्त युवा – नशा मुक्त भारत” बनाने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में सम्मिलित सभी अतिथियों,विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामवासियों ने राष्ट्रीय गीत “वन्देमातरम” तथा राष्ट्रगान “जन मन गण” का पूरे सम्मान के साथ सामूहिक गान किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाला के विद्यार्थियों, व्याख्याताओं, शिक्षकों के द्वारा देश भक्ति के नारे लगाते हुए ग्राम भ्रमण करके तिरंगा रैली निकाली गई।
कार्यक्रम में शाला के व्याख्याता-शिक्षकगण- रुखमणि पूरैना, दिव्या कुजूर, मेलन कँवर, रमाकांत कुसरो, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, सोनम बालन, उमाकांत टोंडे, अनुराधा राठौर, खीकराम यादव, रूपसाय बिंझवार, दलपति सहित छात्र छात्राएं, पालकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।






