राजनांदगांव : लगातार हो रही बारिश के बीच जिले की जर्जर और गड्ढों में तब्दील सड़कों को लेकर युवा कांग्रेस उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सोनी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें पहली ही बारिश में उखड़ गई हैं जिससे सरकार के विकास के दावों की हकीकत सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कें भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों में बरती गई लापरवाही की खुली तस्वीर पेश कर रही हैं।
युवा कांग्रेस उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सोनी ने कहा कि बरसात शुरू होते ही राजनांदगांव जिले और आसपास के अधिकांश क्षेत्रों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। जगह-जगह जलभराव, उखड़ी हुई सड़कें और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार और संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मंच से विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सड़कें पहली ही बारिश में जवाब दे रही हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया। यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हुए होते तो सड़कें इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होतीं।
श्री सोनी ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बनने वाली सड़कों की यह दुर्दशा बेहद चिंताजनक है। लोगों को रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है जहां कई सड़कें पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं और आवागमन मुश्किल हो गया है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा लापरवाही और भ्रष्टाचार के दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में जनता के पैसे का दुरुपयोग न हो।
श्री सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि जनहित की इस लड़ाई को सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक पूरी मजबूती से लड़ा जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार तथा संबंधित प्रशासन की होगी।





