29 जून से शुरू होगा सहकारिता सप्ताह, किसानों को मिलेंगे कई लाभ

गुरुदेव, राजनांदगांव : जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल एवं उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने आगामी 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले सहकारिता सप्ताह की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसानों, सहकारी समितियों और आम नागरिकों को केंद्र में रखकर जिला एवं राज्य स्तर पर कई जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

29 जून से होगा सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ

अध्यक्ष सचिन बघेल ने बताया कि सहकारिता सप्ताह की शुरुआत 29 जून को पैक्स (PACS) सशक्तिकरण एवं सहकारिता जागरूकता कार्यक्रमों से होगी। इस दिन सहकारिता जागरूकता कार्यशालाएं, बायोमेट्रिक पंजीयन, सदस्यता विस्तार अभियान तथा संयुक्त समितियों की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों से करीब 1.5 लाख सदस्य एवं दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलने की संभावना है।

किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा विशेष फोकस

30 जून को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (DCDC) की बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और पैक्स की भूमिका पर चर्चा होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी रणनीति बनाई जा सके। 1 जुलाई को ड्रोन के माध्यम से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन, कृषक संगोष्ठी और मृदा स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों द्वारा परिचर्चा आयोजित की जाएगी।

महिला हितग्राहियों को मिलेंगे एटीएम और रूपे KCC कार्ड

2 जुलाई को मॉडल पैक्स का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान महिला हितग्राहियों को एटीएम केसीसी कार्ड एवं रूपे केसीसी कार्ड वितरित किए जाएंगे। वहीं 3 जुलाई को वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ द्वारा प्रकाशित पाक्षिक ‘सहकारी समाचार’ के प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

आदिवासी जिलों में चलेगा विशेष सदस्यता अभियान

4 जुलाई को पैक्स द्वारा संचालित जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। 5 जुलाई को प्रदेश के 10 आदिवासी जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद और राजनांदगांव में विशेष सहकारिता सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 20 हजार नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों एवं सदस्यों को सहकार प्रेरणा पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।

रायपुर में होगा राज्य स्तरीय समापन समारोह

सहकारिता सप्ताह का समापन 6 जुलाई को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ होगा। इस अवसर पर भारतीय खाद्य निगम (FCI) के लिए चिन्हित 9 वेयरहाउसों के गोदाम निर्माण का भूमिपूजन भी किया जाएगा, जो विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना का हिस्सा है।

प्रेसवार्ता में अध्यक्ष सचिन बघेल एवं उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने कहा कि सहकारिता सप्ताह का मुख्य उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाना, किसानों की आय में वृद्धि करना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना तथा अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ना है। उन्होंने किसानों, सहकारी समितियों के सदस्यों एवं आम नागरिकों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।