जशपुर को पहली बार मिलेगी रेल नेटवर्क! केंद्र सरकार ने दी बड़ी सौगात, CM साय ने जताया आभार

रायपुर । छत्तीसगढ़ के जशपुर समेत पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित कर दिया है। इस फैसले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह परियोजना जशपुर जिले के विकास में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगी। लंबे समय से रेल संपर्क की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों का सपना अब पूरा होने जा रहा है। इस रेल लाइन के बनने से पहली बार जशपुर जिला सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ सकेगा।

डबल इंजन सरकार से जशपुर को बड़ी सौगात

सीएम साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तर छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा मिल रही है। रेल परियोजना से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा, वहीं व्यापार, पर्यटन और उद्योग को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन संभावनाओं से भरपूर जशपुर अब देश के बड़े आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों से बेहतर तरीके से जुड़ पाएगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी तेजी से विकास होगा।

युवाओं को मिलेगा रोजगार, बढ़ेगा व्यापार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल लाइन परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही वनांचल क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार छत्तीसगढ़ के विकास को प्राथमिकता दे रही है। रेल, सड़क और ऊर्जा परियोजनाओं के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है।

सीएम साय ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना जशपुर और आसपास के क्षेत्रों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।