बारुला रिश्वत कांड : अब पहुंचा राजधानी तक, महिला आयोग में शिकायत

गरियाबंद। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बारुला में दो पक्षों के बीच हुये विवाद और मामले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर उठे सवाल लगातार गहराते जा रहे हैं। प्रकरण में पैसों के लेनदेन के आरोपों के चलते पहले ही थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर अजय सिंह को निलंबित किया जा चुका है। वहीं सोशल मीडिया में वायरल हुये ऑडियो के बाद जिले में पदस्थ एक डीएसपी की भूमिका भी संदेह के घेरे में आने पर उन्हें प्रभार से हटा दिया गया था।

अब यह मामला राजधानी रायपुर तक पहुंच गया है। पीड़ित पक्ष न्याय की मांग को लेकर उच्चाधिकारियों और आयोगों का दरवाजा खटखटा रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बारुला में 4 मार्च को होली के दिन दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। घटना में एक महिला समेत कुछ लोगों के साथ मारपीट हुई, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने मामले में निष्पक्ष और समुचित कार्रवाई नहीं की तथा घटना में शामिल कुछ जनप्रतिनिधियों के नाम एफआईआर में दर्ज नहीं किये गये।

पीड़िता ममता किरण यादव का आरोप है कि उनके और उनके पति के साथ तीन से चार लोगों ने मारपीट की थी, लेकिन एफआईआर में केवल एक व्यक्ति का नाम दर्ज किया गया। महिला का कहना है कि थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने अपनी मर्जी से मुख्य आरोपियों के नाम छोड़ दिये। साथ ही पीड़ित दंपत्ति के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कुछ दिनों बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

इसी मामले को लेकर ममता किरण यादव ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सोहन ध्रुव, श्यामा दीवान, बलद चक्रधारी और प्रवीण यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव, हवलदार रामकृष्ण साहू एवं सब इंस्पेक्टर अजय सिंह पर भी जानबूझकर उचित कानूनी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुये उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्ट
"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्टhttps://chhattisgarh-24-news.com
किरीट ठक्कर "छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" संवाददाता
ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।