रायपुर : इलाके में आज शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। दरअसल मॉर्निंग वाक पर निकले चार लोगों को एक तेज गति में जा रही स्विफ्ट कार ने कुचला, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दुर्घटना को अंजाम देने वाले कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। इस दुर्घटना के बाद भी वे नहीं रुके और कार लेकर तेजी से वहां से फरार हो गए।
उस वाहन ने न केवल राहगीरों को रौंदा, बल्कि रास्ते में सब्जियों के ठेले, डिवाइडर और खड़ी दूसरी गाड़ियों को भी टक्कर मार दी। इस घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस वहां मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया। मृतक महिला की पहचान की जा रही है। पुलिस ने CCTV कैमरे की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। कार व अपराधियों की तलाश जारी है। बहरहाल घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।





