गरियाबंद/ देवभोग। आज मजदूर दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत घुमड़गुडा में मजदूरों का सम्मान कर मजदूर दिवस मनाया गया । देवभोग जनपद सभापति देवेंद्र ठाकुर एवं उनकी पत्नी सरपंच रजनी ठाकुर द्वारा ग्रामीण मजदूरों को सम्मानित करने कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दोनो जनप्रतिनिधियों द्वारा, ग्राम पंचायत अंतर्गत, मनरेगा योजना के तहत कार्यरत 280 मजदूरों का सार्वजनिक सम्मान किया गया। सभी पर पंचायत प्रतिनिधि दंपत्ति ने फूल बरसाये , तिलक लगाया और मिष्ठान वितरण किया । मजदूरों के लिये आयोजित इस सम्मान समारोह की क्षेत्र भर में चर्चा रही।
इस अवसर पर सरपंच घुमरगुड़ा रजनी ठाकुर ने कहा कि मजदूर विकास के आधार स्तंभ होते हैं, उनके बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। जनपद सभापति देवेंद्र ठाकुर ने उपस्थित मजदूरों को संबोधित करते हुये कहा कि मेरे पंचायत क्षेत्र से अब मजदूरों को पलायन नहीं करना पड़ेगा। पंचायत स्तर पर 100 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जायेगा।




