संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय मर्रा में निकाली गई तिरंगा यात्रा
पाटन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, मर्रा, पाटन, दुर्ग (छ.ग.) में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पूरे उत्साह से यात्रा में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय परिसर एवं यात्रा मार्ग देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सजा हुआ नजर आया।
अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की प्रगति एवं विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान, समर्पण एवं देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।






