खैरगुड़ा बना धाकड़ समाज की एकजुटता का साक्षी, नवाखानी जुहार-भेंट मिलन में उमड़ा जनसैलाब
बाढ़ राहत के लिए समाज ने दिखाई दरियादिली, दानपात्र में 14 हजार से अधिक का सहयोग
बस्तर(मनोज ठाकुर)। नवाखानी पर्व के पावन अवसर पर ग्राम खैरगुड़ा शनिवार को धाकड़ समाज की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और सेवा भावना का केंद्र बन गया। धाकड़ समाज कल्याण समिति बस्तर द्वारा आयोजित जिला स्तरीय नवाखानी जुहार-भेंट एवं मिलन समारोह खैरगुड़ा सांस्कृतिक भवन में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

बस्तर अंचल में नवाखानी नई फसल के स्वागत और अन्न के सम्मान का प्रतीक है। इसी परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए धाकड़ समाज द्वारा प्रतिवर्ष इस समारोह का आयोजन किया जाता है।
18 क्षेत्रों से पहुंचे समाजबंधु
इस जिला स्तरीय महा-मिलन में जिले के 18 क्षेत्रों से धाकड़ समाज के सियान, सज्जन, मातृशक्ति, युवा और युवतियां बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुबह से ही खैरगुड़ा में समाजजनों का आगमन शुरू हो गया था। सांस्कृतिक भवन परिसर “जय श्रीराम” और “जय धाकड़” के जयघोष से गूंज उठा। एक-दूसरे से मिलकर, जुहार-भेंट कर सभी ने नवाखानी की शुभकामनाएं दीं।
दीप और कलश प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह का शुभारंभ भगवान श्रीरामचंद्र जी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने नवाखानी पर्व के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें अपनी कृषि संस्कृति और सामूहिकता से जोड़ता है।
अध्यक्ष ने दिया एकता का संदेश
मुख्य उद्बोधन में समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा, नवाखानी सिर्फ नई फसल का त्योहार नहीं, यह हमारे सामाजिक बंधन को और अधिक मजबूत करने का अवसर है। समाज तभी मजबूत होगा जब हम सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे। हमें अपनी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक कार्यों से जोड़ना होगा। यही हमारी असली पूंजी है।
कार्यक्रम को उपाध्यक्ष तुलाराम ठाकुर, बद्रीनाथ ठाकुर एवं पुरन ठाकुर ने भी संबोधित किया। उन्होंने समाज को संगठित और सशक्त बनाने के लिए ऐसे आयोजनों को हर वर्ष और बड़े पैमाने पर करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मानवता की मिसाल – बाढ़ राहत कोष में 14 हजार से अधिक का दान
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए समिति द्वारा दानपात्र रखा गया। अध्यक्ष की अपील पर समाजजनों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। कुछ ही देर में दानपात्र में 14 हजार रुपए से अधिक की राशि एकत्र हो गई। समिति ने निर्णय लिया है कि इस राशि से बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद परिवारों के लिए भोजन, राशन और राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। समाज की इस दरियादिली की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
आभार के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में मधोता क्षेत्र अध्यक्ष हाकिम सिंह ठाकुर ने खैरगुड़ा सहित सभी 18 क्षेत्रों से पधारे समस्त समाजबंधुओं, महिला मंडल, युवा साथियों और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी सभी ग्रामवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज खैरगुड़ा में जो एकजुटता दिखी है, वह भविष्य में समाज को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। समापन के पश्चात सहभोज का आयोजन किया गया।






