Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

मानव तस्करी का हुआ खुलासा, 16 वर्षीय नाबालिका को काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाकर बेचा

सरगुजा : छत्तीसगढ़ राज्य के सरगुजा जिले के ग्रामीण इलाकों में मानव तस्करी (Human Trafficking) के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाकर बेचने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।

दिल्ली से देहरादून पहुंची मासूम

नाबालिग लड़की के परिजन जब सीतापुर पुलिस थाने पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को यह बताया कि ग्राम पेटला की एक युवती ने एक वर्ष पहले उनकी बेटी को दिल्ली में नौकरी दिलाने के नाम पर ले जाकर बेच दिया। लंबे समय से बेटी से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था, लेकिन हाल ही में सालों बाद जब संपर्क हुआ, तो नाबालिग ने खुद को उत्तराखंड के देहरादून में होने की बात बताई। नाबालिग ने फोन पर रोते हुए अपने परिजनों से उसे वापस छुड़ाने की गुहार लगाई।

परिजन पहुंचे थाने

नाबालिग के परिजन ‘पथ प्रदर्शक संस्था’ की मदद से सीतापुर पुलिस थाने पहुंचे और अपनी बेटी को छुड़ाने की फरियाद लगाई। उन्होंने यह बताया कि बेटी को धोखे से दिल्ली ले जाया गया। अब वह देहरादून में किसी के चंगुल में फसी हुई है।

सीतापुर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सीतापुर पुलिस थाना प्रभारी (टीआई) ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नाबालिग लड़की को छुड़ाने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी और हर संभव प्रयास किया जाएगा।

लगातार बढ़ रहे मानव तस्करी के मामले

सरगुजा जिले के कई ग्रामीण इलाकों से लगातार नाबालिग लड़कियों को नौकरी, शिक्षा या शादी का झांसा देकर बड़े शहरों में बेचने के मामले सामने आ रहे हैं। यह मामला भी उसी मानव तस्करी नेटवर्क की एक कड़ी माना जा रहा है। जो गांव की भोली-भाली बच्चियों को अपना शिकार बना रहा है।

पुलिस से मांग: सख्त कार्रवाई और नेटवर्क का भंडाफोड़

परिजनों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस से मांग की है कि तस्करी के इस नेटवर्क का जल्द भंडाफोड़ कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिससे अन्य बच्चियों को इस जाल में फंसने से बचाया जा सके।

Exit mobile version