गरियाबंद। लगातार हो रही वर्षा के बीच कलेक्टर बीएस उइके ने गुरुवार को गरियाबंद एवं मैनपुर विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर जलभराव, सड़क संपर्क, नदी-नालों की स्थिति तथा आमजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी निशा सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पंटोरा क्षेत्र का निरीक्षण कर बारिश के कारण हुए जलभराव और प्रभावित आवागमन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाये रखने, आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने तथा पुलिस, राजस्व और लोक निर्माण विभाग को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिये।

उन्होंने नागरिकों से नदी-नालों एवं पुल-पुलियों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने,तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने तथा बच्चों और पशुओं को नदी के समीप नहीं जाने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश की स्थिति को देखते हुये जलाशयों से पानी छोड़ा जा सकता है,इसलिए सभी नागरिक सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
मैनपुर क्षेत्र के अड़गड़ी नाला में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुये कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पालन करने और बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा।
कलेक्टर ने मैनपुर विकासखंड के तौरेंगा आदिवासी बालक आश्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। अधिकारियों को आश्रम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिये।





