झज्जर: हरियाणा के झज्जर में विजिलेंस ने पटवारी को 37 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। रेड के दौरान पटवारी ने भागने के लिए पटवार भवन की छत से पीछे प्लाट में छलांग लगा दी। बावजूद इसके वह भागने में कामयाब नहीं हो पाया और आस पास के दुकानदारों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। विजिलेंस टीम उससे पूछताछ कर रही है। उसे कल बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस इंस्पेक्टर कविता ने बताया कि गांव धारौली निवासी नरेंद्र ने शिकायत दी थी कि तुंबाहेड़ी निवासी पटवारी अजय उससे जमीन की खेवट अलग कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा है। पटवारी उससे 5 हजार रुपए पहले भी ले चुका है। अब वह 37 हजार रुपए की और मांग कर रहा है। नरेंद्र की शिकायत के बाद सोनीपत में विजिलेंस के उप केंद्र पर शिकायत दर्ज कराई गई।
विजिलेंस ने आगे की कार्रवाई शुरू करते हुए नरेंद्र को पटवारी से संपर्क साधने को कहा गया। पटवारी ने उसे रुपए लेकर झज्जर में रेवाड़ी रोड स्थित पटवार खाने में आने को कहा गया। नरेंद्र को 37 हजार रुपए के नोटों को पाउडर लगाकर दिया गया। इसके बाद उसे पटवारी अजय के पास भेजा गया। पटवार खाने में नरेंद्र ने पटवारी अजय को 37 हजार रुपए दे दिए। इसके साथ ही उसने विजिलेंस को इशरा कर दिया। विजिलेंस ने छापा मार दिया।
इस बीच पटवारी पकड़े जाने का आभास होने पर भाग लिया। उसने पटवार भवन की छत से पीछे के प्लाट में छलांग लगा दी। विजिलेंस भी पीछे लगी थी। मामला गड़बड़ देख कर आस पास के दुकानदार भी हरकत में आ गए। दुकानदारों की मदद से विजिलेंस ने भाग रहे पटवारी बजय को पकड़ लिया। उसके हाथ धुलवाए गए तो नोटों पर लगे पाउडर की वजह से वे लाल हो गए। एएसआई उपेंद्र, हेड कांस्टेबल संदीप व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




