स्वास्थ्य के क्षेत्र में चिरमिरी की बड़ी छलांग; जिला अस्पताल में पहला डायलिसिस सफल, मरीजों को रायपुर की दौड़ से मिली मुक्ति

स्वास्थ्य के क्षेत्र में चिरमिरी की बड़ी छलांग; जिला अस्पताल में पहला डायलिसिस सफल, मरीजों को रायपुर की दौड़ से मिली मुक्ति

​ बीजेपी नेता रघुनंदन यादव का 4 घंटे चला पहला सत्र; डॉ. ज़ाक्सा और तकनीशियनों की टीम ने रचा इतिहास, विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयास लाए रंग।

चिरमिरी (एमसीबी)

​मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के स्वास्थ्य इतिहास में गुरुवार का दिन एक मील का पत्थर साबित हुआ। जिला चिकित्सालय चिरमिरी में पहली बार जीवन रक्षक ‘डायलिसिस सेवा’ का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इस ऐतिहासिक शुरुआत के तहत बरतूंगा निवासी व भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुनंदन यादव का पहला सफल डायलिसिस किया गया। इस अत्याधुनिक सुविधा के नियमित शुरू होने से अब जिले के सैकड़ों किडनी मरीजों को इलाज के लिए राजधानी रायपुर या अन्य महानगरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

6 महीने का दर्द और रायपुर में रहने की मजबूरी से मिली राहत

​सफल प्रक्रिया के बाद भावुक होते हुए रघुनंदन यादव ने कहा, “जिला अस्पताल में डायलिसिस शुरू होना किसी सपने के सच होने जैसा है। मैं पिछले छह महीनों से सप्ताह में तीन दिन डायलिसिस कराने रायपुर जा रहा था। इस बीमारी के कारण मेरा पूरा परिवार रायपुर में रहने को मजबूर था, जिससे आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की कमर टूट चुकी थी। इस पीड़ा को मैंने झेला है, इसलिए आज इस सुविधा के शुरू होने की खुशी मुझसे ज्यादा शायद ही किसी को होगी।”

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से “रमन” को मिली राहत; बिजली बिल हुआ शून्य

4 घंटे चली जटिल प्रक्रिया, डॉ. ज़ाक्सा की टीम ने संभाला मोर्चा

​अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, रघुनंदन यादव की डायलिसिस प्रक्रिया दोपहर 12:19 बजे कड़ी निगरानी में शुरू की गई, जो शाम 4:10 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुई। लगभग चार घंटे चली इस संवेदनशील प्रक्रिया को डॉ. एफ. ज़ाक्सा (एम.डी. मेडिसिन) के कुशल निर्देशन में अंजाम दिया गया। वहीं डायलिसिस तकनीशियन अजय कुशवाहा और काजल दास ने पूरी मुस्तैदी के साथ इस ऑपरेशन को सफल बनाया।

विधायक के प्रयास और स्वास्थ्य मंत्री की सौगात

​गौरतलब है कि क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के विशेष और लगातार प्रयासों के चलते चिरमिरी जिला अस्पताल में इस अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट की स्थापना संभव हो सकी है। इस यूनिट का भव्य शुभारंभ बीते 27 मई को स्वास्थ्य मंत्री के कर-कमलों द्वारा किया गया था। गुरुवार को हुए पहले सफल ट्रायल और ट्रीटमेंट के बाद अब यह सेवा आम जनता के लिए नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी।

“मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला अस्पताल की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई। प्रबंधन और उपचार व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

डॉ. अविनाश खरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO)

बदल रही है जिला अस्पताल की तस्वीर

​अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय के कुशल प्रबंधन के चलते पिछले कुछ समय में चिरमिरी जिला अस्पताल की तस्वीर तेजी से बदली है। अस्पताल परिसर से लेकर अब आम जनता के बीच भी यहां की सुधरती स्वास्थ्य सुविधाओं की तारीफ हो रही है। आधुनिक मशीनों के विस्तार और डॉक्टरों व स्टाफ के सकारात्मक रवैये से अब जिले के लोगों का सरकारी स्वास्थ्य तंत्र पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

​इस सुविधा के शुरू होने से अब गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को डायलिसिस के महंगे खर्च और बड़े शहरों में रहने-खाने की बड़ी आफत से हमेशा के लिए निजात मिल गई है।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।