गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव । जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने डोंगरगांव तहसील के अंतर्गत ग्राम सिंघोला, छुईखदान, करमतरा, सुखरी, मेढ़ा और अर्जुनी सहित विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले सामने आए, जिन पर तुरंत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ग्राम भोथीपार निवासी बलराम साहू के स्वामित्व की हाईवा (CG 08 AF 0828) को पकड़ा गया, जिसे कमलेश्वर साहू द्वारा मुरूम और मिट्टी के अवैध परिवहन में उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा राजनांदगांव निवासी अंकित जैन के स्वामित्व की जेसीबी मशीन से करण पटेल द्वारा अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
दोनों मामलों में संबंधित वाहनों को जब्त कर थाना सोमनी को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




