आंगनबाड़ी केंद्र भोयना में आंगन मिलन सेवा, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सुपोषण के प्रति किया जागरूक – श्रीमती मोनिका देवांगन
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र भोयना में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला पंचायत की सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल और पोषण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के समग्र विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। सुपोषित बच्चे, स्वस्थ माताएं और सशक्त महिलाएं मजबूत परिवार एवं विकसित समाज की आधारशिला हैं।

उन्होंने महिलाओं और ग्रामीणजनों से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। साथ ही बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों द्वारा गांव में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा पोषण संबंधी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की गई। बच्चों के समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित पोषण और स्वच्छता के महत्व के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। एएनएम ने निर्धारित टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार बच्चों को आवश्यक टीके लगवाने की अपील की। महिलाओं को भी स्वास्थ्य संबंधी किसी समस्या की स्थिति में समय पर स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
आंगन मिलन उत्सव के दौरान अन्नप्राशन, शाला प्रवेश, स्वस्थ बच्चा सम्मान और महतारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एवं मितानिनों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता, पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन, मेहंदी प्रतियोगिता, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, न्योता भोज तथा हितग्राहियों द्वारा अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियां भी हुईं। कार्यक्रम के अंत में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सरपंच पारधी ध्रुव, पंच सुलोचना देवांगन, लक्ष्मीबाई, अभिला ध्रुव सहित स्वास्थ्य विभाग से एएनएम कुमारी नेताम एवं श्रीमती प्रीति ध्रुव, मितानिन दुलेश्वरी ध्रुव, सोहद्रा साहू, अन्नु सिन्हा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमित्रा उइके, दुगेश्वरी ध्रुव, दुलेश्वरी साहू, जया नेताम, वंदना चंदनिया, सुलताना कुरैशी, लता ध्रुव, सुनीता यादव, जमुना ध्रुव सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, मितानिनें और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






