स्वतंत्रता दिवस पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया राजीव भवन दुर्ग में ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस पर राजीव भवन दुर्ग में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया ध्वजारोहण

दुर्ग। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, दुर्ग में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और उपस्थित कांग्रेसजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। कांग्रेसजनों ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों, शहीदों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अथक प्रयासों से भारत को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि देश की आजादी को मजबूत बनाए रखना और संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय तथा आपसी भाईचारे की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और देश की एकता-अखंडता के लिए संघर्ष किया है और आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ की नई कार्यकारिणी का गठन

उन्होंने कहा कि आजादी केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति का नाम नहीं है, बल्कि हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर दिलाना भी स्वतंत्रता का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। हमें महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित देश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम में दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पीसीसी महामंत्री राजेन्द्र साहू सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस सेवा दल के सदस्य, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।