अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सांसद विजय बघेल ने किया नमन, कहा- राष्ट्रहित और सुशासन के लिए सदैव प्रेरणा रहेंगे अटल जी
भिलाई। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। सेक्टर-5, भिलाई स्थित सांसद के निज निवास में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्होंने अटल जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें महान राजनेता, कुशल वक्ता और संवेदनशील कवि बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने राजनीतिक जीवन में राष्ट्रहित, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
अटल जी ने पूरा किया छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का वादा
सांसद विजय बघेल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का छत्तीसगढ़ से विशेष जुड़ाव रहा। उनके कार्यकाल में वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा मिला। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ की जनता से किया अपना वादा पूरा किया और नए राज्य के गठन का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का राजनीतिक व्यक्तित्व ऐसा था कि उनके विचारों का सम्मान उनके राजनीतिक विरोधी भी करते थे। उनकी सादगी, वाक्पटुता और लोकतांत्रिक सोच ने भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान बनाई।
परमाणु शक्ति संपन्न भारत की दिशा में बड़ा कदम
सांसद ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षणों के जरिए अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया और दुनिया के सामने भारत की मजबूत स्थिति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित के प्रति अटल जी का समर्पण, सुशासन की उनकी सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। सांसद विजय बघेल ने कहा कि अटल जी का जीवन और उनके विचार देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को देश हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, शशि बंछेल, उपकार चंद्राकर, अरविंद खुराना, भागचंद जैन, दशरथ भोई, मनोज गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रसेवा के विचारों को स्मरण किया।






