शिक्षा, साहित्य, नशा मुक्ति अभियान और सामाजिक कार्यों के लिए ‘तुलेश्वर सेन’ का सम्मान

* केश कला बोर्ड अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास ने अंग वस्त्र ओढ़ाकर तुलेश्वर कुमार सेन का किया सम्मान…
* शिक्षा, साहित्य,नशा मुक्ति अभियान और सामाजिक कार्यों के लिए तुलेश्वर सेन का किया सम्मान…
* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज के योगदान को सराहा, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान…

शिक्षा, साहित्य, नशा मुक्ति अभियान और सामाजिक कार्यों के लिए 'तुलेश्वर सेन' का सम्मानछुईखदान/रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी बोर्ड के तत्वावधान में सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह का आयोजन 8 अगस्त 2026 को रायपुर स्थित मेकाहारा परिसर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी सेन समाज के सामाजिक प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, फिल्म निगम विकास बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, सर्व सेन समाज प्रदेश अध्यक्ष पुनीत सेन, केश कला बोर्ड सदस्य देवशरण सेन, पूर्व केश कला बोर्ड अध्यक्ष नंदकुमार सेन, भूपेंद्र शंकर सेन सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सेन समाज की सामाजिक भूमिका को किया रेखांकित
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज के गौरव एवं स्वतंत्रता सेनानी-सामाजिक चिंतक कर्पूरी ठाकुर के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि सेन समाज की भूमिका भारतीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन में महत्वपूर्ण रही है। जन्म से लेकर मृत्यु तक विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की सक्रिय भागीदारी रहती है।

उन्होंने कहा कि गांव और समाज में सेन समाज का प्रत्येक परिवार से आत्मीय संबंध रहा है। सुख-दुख के अवसरों पर समाज के लोगों की सहभागिता सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करती है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा सेन समाज की सामाजिक भूमिका एवं योगदान को पहचानते हुए समाज की प्रतिभाओं और प्रतिनिधियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक प्रतिभाओं का उल्लेख
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सेन समाज से जुड़े लोगों ने राजनीति, कला, शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन तथा फिल्म निगम विकास बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन के योगदान का भी उल्लेख किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि जब भी समाज और सरकार ने सेन समाज के प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है, उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास किया है।

शिक्षा, साहित्य और नशामुक्ति अभियान के लिए तुलेश्वर कुमार सेन सम्मानित
समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को केश शिल्पी सम्मान से सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा, साहित्य, रक्तदान, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों से जुड़े व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षक तुलेश्वर कुमार सेन को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वे शिक्षा, साहित्य एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में कार्य करने के साथ-साथ नशामुक्ति अभियान के प्रचारक के रूप में सक्रिय हैं।

मंच पर सम्मानित किए जाने के दौरान आयोजक एवं अतिथियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद तुलेश्वर कुमार सेन जिस समर्पण और सक्रियता के साथ समाजसेवा एवं नशामुक्ति अभियान में कार्य कर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

सामाजिक जिम्मेदारियों का कर रहे निर्वहन
तुलेश्वर कुमार सेन वर्तमान में सर्व सेन नाई समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश कोषाध्यक्ष अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ तथा जिला अध्यक्ष अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ, राजनांदगांव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके साथ ही वे गायत्री परिवार से जुड़कर पूरे प्रदेश में नशामुक्ति अभियान के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

अतिथियों का सम्मान और आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के आयोजक एवं केश शिल्पी बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने उपस्थित अतिथियों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य राज्यों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।