गुरुदेव, राजनांदगांव । जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट और ढाबों में औचक छापेमारी की। नशे और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर रहे 14 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले एक ढाबा संचालक पर भी केस दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी दिलीप पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने मनगटा और झूराडबरी इलाके के रिसॉर्ट और ढाबों में दबिश दी।
मेपल रिसॉर्ट के पास शराब पार्टी पर पुलिस का छापा
पुलिस को सूचना मिली थी कि झूराडबरी स्थित मेपल रिसॉर्ट के आसपास सार्वजनिक जगहों पर शराब पार्टी चल रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने अचानक छापा मारकर 13 लोगों को शराब सेवन करते पकड़ा। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
ढाबा संचालक पर भी केस दर्ज
जांच के दौरान देवादा स्थित “शेरे पंजाब ढाबा” में ग्राहकों को शराब पीने की सुविधा देने का मामला सामने आया। पुलिस ने ढाबा संचालक कुलदीप सिंह के खिलाफ धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं “हमारा ढाबा” के पास शराब पीते मिले एक युवक पर भी केस दर्ज किया गया।
होटल, ढाबा और रिसॉर्ट पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
सोमनी पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में होटल, ढाबा, रिसॉर्ट और सरायों के आसपास असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।




