*➡️ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्चुअल उद्घाटन से शुरू हुई नवगठित समिति, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति*
राजनांदगांव : जिले के नवागांव में किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नवगठित वृहत्ताकार सहकारी समिति मर्यादित नवागांव का आज शुभारंभ बुधवार 15 अप्रैल को भव्य रूप से किया गया। इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के कर कमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश श्यामकर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन क्षेत्र के किसानों के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध होंगे जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री सहित राज्य केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष केदार गुप्ता, क्षेत्रीय विधायक डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे एवं केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख, गोवर्धन देशमुख, दुष्यंत सोनू धनकर, जनपद सदस्य मोनिशा धनकर, पूर्णिमा शिवारे सरपंच, भाजपा नेता योगेश खत्री, कमल नारायण बैगा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवागांव, बैगाटोला, फुलझर, बिरेझर और आसपास के गांवों के किसानों की समस्याओं और आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह सहकारी समिति किसानों के लिए विकास का नया द्वार खोलेगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता रश्मि सोनी ने की वहीं प्राधिकृत अधिकारी के रूप में जागेश्वर साहू, दुर्जन लाल देवांगन पूर्व अध्यक्ष सेवा समिति बघेरा एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। नवगठित सहकारी समिति के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों को न केवल बेहतर सुविधाएं मिलेंगी बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती भी मिलेगी। यह पहल ग्रामीण विकास और कृषि क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट




