पीएमश्री बिजली नगर भिलाई-3, में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न

* पीएमश्री पाटन विकासखंड के बिजली नगर भिलाई-3 में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह धूम्रपान से संपन्न…
* सांसद विजय बघेल ने किया विद्यार्थियों का सम्मान, अतिरिक्त भवन निर्माण का दिया आश्वासन…

दुर्ग : विकासखंड पाटन अंतर्गत पीएम श्री शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला, बिजली नगर भिलाई-3 में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री उपकरण चंद्राकर एवं तुलसी धुर्व शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में सांसद श्री बघेल ने विद्यालयीन जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि स्कूल में आते ही बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार द्वारा “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” अभियान के माध्यम से बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

सांसद श्री बघेल ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र का गौरवशाली एवं पुरातन शैक्षणिक संस्थान बताया। उन्होंने विद्यालय परिसर के पीछे उपलब्ध भूमि पर अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की बात कही, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय किसानों के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रहे हैं। उन्नति किसान योजना के अंतर्गत किसानों के खातों में राशि अंतरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

कार्यक्रम में नन्हें विद्यार्थियों ने रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर सांसद श्री विजय बघेल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।