प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पात्र हितग्राहियों की सूची का किया जायेगा अनुमोदन
85 हजार से अधिक सर्वेक्षित परिवारों के सत्यापन में ग्रामीणों की सहभागिता की अपील
गरियाबंद। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत पात्र परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने के लिये जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्रामसभा का आयोजन किया जायेगा। ग्रामसभा में आवास प्लस 2.0 सर्वे के अंतर्गत चिन्हित परिवारों की सूची का वाचन किया जाएगा तथा ग्रामसभा के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की सूची का अंतिम अनुमोदन किया जायेगा।
इस दौरान जिले में कुल सर्वेक्षित 85 हजार 813 परिवारों का सत्यापन किया जायेगा। ग्रामसभा में सर्वे सूची का सार्वजनिक वाचन कर ग्रामीणों से आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त किये जाएंगे, जिससे पात्र एवं आवास विहीन परिवारों का पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि ग्राम सभा का आयोजन निर्धारित तिथि पर सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करें। ग्रामसभा द्वारा अनुमोदित सूची के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि आवास प्लस 2.0 सर्वे ऐसे पात्र परिवारों की पहचान करना है, जो अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभ से वंचित हैं। सत्यापन एवं ग्रामसभा अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पात्र परिवारों की सूची शासन को प्रेषित की जायेगी।
जिला प्रशासन गरियाबंद ने सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे 24 जून को आयोजित ग्राम सभा में उपस्थित होकर आवास प्लस 2.0 सूची के सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।




