Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

कुम्हारपारा विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव

निशुल्क पाठ्य पुस्तकें और गणवेश वितरित

गरियाबंद। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला, कुम्हारपारा में गत दिवस शाला प्रवेशोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वल एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव तथा विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन,पार्षद रेणुका साहू, मधु देवांगन एवं सूरज सिन्हा, प्रधान पाठक लक्ष्मीनारायण शर्मा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कर आत्मीय स्वागत किया गया। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं गणवेश वितरित किये गये।

प्रवेश उत्सव के दौरान नये विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दे रही थी। अतिथियों ने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। शिक्षित समाज ही विकसित समाज की पहचान है। नगर पालिका विद्यालयों के विकास एवं बच्चों की आवश्यक सुविधाओं के लिये हर संभव सहयोग करती रहेगी। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं,बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की पहली पाठशाला है। हम सभी का दायित्व है कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराएं, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।

पार्षद रेणुका साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों की मुस्कान और उनका उत्साह ही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता है। शिक्षा से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है। सभी पालकों से आग्रह है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।

Exit mobile version