* राष्ट्रीय पल्स पोलियो ‘दो बूंद जिंदगी की’ अभियान शुरू, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने पिलाई बच्चों को पोलियो दवा…
पाटन : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ अवसर पर रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश “निक्की” भाले ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित माताओं एवं अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाना आवश्यक है। अभियान का उद्देश्य बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत पाटन के सभापति केवल देवांगन ने भी अभियान की सफलता के लिए नागरिकों से सहयोग करने का आग्रह किया। विकासखंड चिकित्सा अधिकारी बी. कठौतिया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में विशेष व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, माताएं एवं बड़ी संख्या में नन्हे बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।




