बिलासपुर : पांच माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रेग्नेंट महिला के गले में चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। महिला की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। पुलिस इस केस की जांच कर रही है। मल्हार चौकी के ग्राम भगवान पाली निवासी रामनेही राय ड्राइवर है। उसकी शादी करीब साल भर पहले खैरा डगनिया निवासी संध्या राय से हुई थी।
शादी के बाद दोनों ठीक-ठाक ही रहे थे और संध्या पांच माह से प्रेग्नेंट थी। आज सुबह परिजनों ने देखा कि महिला बदहवाश पड़ी है, तब उन्होंने संजीवनी 108 को कॉल किया। लेकिन, जब तक एंबुलेंस पहुंचीं। महिला की मौत हो चुकी थी। नवविवाहिता महिला की मौत की जानकारी मिलने पर संजीवनी 108 के स्टाफ ने पुलिस के डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस टीम गांव पहुंची और लाश का परीक्षण किया। जांच के दौरान महिला के गले में चोट के निशान मिले, जिसे देखकर उन्हें मामला संदिग्ध लगा। तब उन्होंने मस्तूरी थाना प्रभारी और प्रशिक्षु डीएसपी नुपुर उपाध्याय को महिला की संदिग्ध मौत की जानकारी दी। यह घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।




