भाजपा गंगरेल मंडल की मासिक बैठक चिखली में संपन्न
धमतरी। भाजपा गंगरेल मंडल की मासिक संगठनात्मक बैठक ग्राम चिखली (डुबान) में मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन के नेतृत्व एवं जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश बैस की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, प्रत्येक बूथ में छह सदस्यों का डाटा कलेक्शन, मंडल व शक्ति केंद्र की नियमित बैठकों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण पर चर्चा की। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, मंडल प्रभारी हेमंत चंद्राकर एवं अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए मार्गदर्शन दिया। बैठक का संचालन मंडल महामंत्री चंद्रहास जैन ने किया तथा आभार मंडल मंत्री रमेश निषाद ने व्यक्त किया।
बैठक के पश्चात ग्राम चिखली की गलियों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता देशभक्ति के नारों के साथ गांव की गलियों से गुजरे। “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा चिखली ग्राम राष्ट्रभक्ति के वातावरण से गूंज उठा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के सम्मान, राष्ट्र की एकता-अखंडता एवं देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।