हरित क्रांति की ओर एमसीबी का बड़ा कदम: पारसगढ़ी मेडिकल कॉलेज परिसर में स्वास्थ्य मंत्री ने किया वृहद वृक्षारोपण
16 लाख पौधरोपण का लक्ष्य, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण, ‘तुहर पौधा तिहार’ के तहत रवाना किए गए पौधा वितरण वाहन
स्वास्थ्य मंत्री बोले– पांच जिलों में सबसे आधुनिक होगा मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज
मनेंद्रगढ़/एमसीबी। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा वनमंडल मनेंद्रगढ़ द्वारा आयोजित ‘वन महोत्सव’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत पारसगढ़ी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने खुद पौधरोपण कर इस बड़े हरित अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया और आम जनता को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस गरिमामयी अवसर पर जिला कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती अंकिता सोम, वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) चंद्र अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
16 लाख पौधों का रोपण और एक साल तक होगी मॉनिटरिंग
महोत्सव को संबोधित करते हुए वनमंडलाधिकारी चंद्र अग्रवाल ने विभागीय कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वन मंडल मनेंद्रगढ़ द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए कुल 16 लाख पौधों के रोपण का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि रोपे गए प्रत्येक पौधे की एक वर्ष तक नियमित मॉनिटरिंग (निगरानी) की जाएगी ताकि उनका पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त, आम नागरिकों में हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दो लाख पौधों के निःशुल्क वितरण का लक्ष्य भी रखा गया है। कार्यक्रम के पहले दिन मेडिकल कॉलेज परिसर में अकेले लगभग 700 पौधों का रोपण कर महोत्सव का आगाज किया गया। इस दौरान क्षेत्र के पत्रकार संघ के अध्यक्षों द्वारा भी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सामूहिक रूप से पौधे रोपे गए।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस और ‘तुहर पौधा तिहार’ की शुरुआत
वन महोत्सव के मंच से वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रतीकात्मक चेक देकर बोनस राशि का वितरण किया गया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, “हरित क्रांति तभी सफल होगी जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहकर, उसके बड़े होने तक उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।” उन्होंने वन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को अब एक जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में ‘तुहर पौधा तिहार’ अभियान के अंतर्गत घर-घर पौधे पहुँचाने के लिए दो विशेष पौधा वितरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
आसपास के 5 जिलों में सबसे आधुनिक होगा यह मेडिकल कॉलेज
कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि यह परियोजना पूरे एमसीबी और सरगुजा संभाग के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि, “आसपास के पांच जिलों में इतनी बड़ी और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मेडिकल कॉलेज कहीं नहीं है।” इसके शुरू होने से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार होगा, बल्कि वनांचल क्षेत्र के स्थानीय विद्यार्थियों को भी अपने ही घर के पास बेहतर चिकित्सा शिक्षा (एमबीबीएस) का सुनहरा अवसर मिलेगा।
सड़क और रेल नेटवर्क से कनेक्टिविटी होगी मजबूत
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज तक मरीजों, डॉक्टरों और छात्रों की आसान पहुँच के लिए सड़क और रेल दोनों क्षेत्रों में व्यापक विकास किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पाराडोल तथा चिरमिरी के नए रेलवे स्टेशन भविष्य में इस मेडिकल कॉलेज के लिए लाइफलाइन की भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही पूरे जिले में ऑल-वेदर सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे एमसीबी जिले में विकास कार्यों को एक नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने एक-एक पौधा लगाने और पर्यावरण को बचाने का सामूहिक संकल्प लिया।